आश्वासन नहीं, भुगतान का चेक चाहिए
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। गन्ने के बकाया भुगतान की मांग को लेकर कांग्रेस और सपा कार्यकर्ताओं ने भैंसाना चीनी मिल के सामने धरना दिया। पूर्व राज्यसभा सदस्य हरेंद्र मलिक ने कहा कि चीनी मिल के अधिकारियों पर दबाव बनाने से कोई लाभ नहीं है। अपना भुगतान लेने के लिए किसानों को प्रशासन और सरकार पर दबाव बनाना होगा। किसानों ने प्रशासन से आश्वासन नहीं चेक जारी कराने की मांग की।
पूर्व राज्यसभा सदस्य हरेंद्र मलिक कांग्रेस, सपा कार्यकर्ताओं और किसानाें के साथ बृहस्पतिवार को बजाज चीनी मिल भैंसाना पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनता के बीच सरकार की जितनी बदनामी होगी उतना ही जल्दी किसानों को भुगतान मिलेगा। इसी दौरान एसडीएम कुमार भूपेंद्र भी किसानों के बीच पहुंचे। गए। मलिक ने कहा कि किसान अपने ही पैसे के लिए लाचार है। आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की फीस नहीं जा रही है, पशुओं के राशन और घर का खर्च नहीं चल रहा है। कहा कि भुगतान को लेकर चीनी मिल के अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी अनेकों वादे कर चुके हैं। लेकिन गन्ना भुगतान नहीं हुआ।
सर्व सम्मति से लिए गए निर्णय के अनुुसार उन्होंने चीनी मिल के गेट पर अनिश्चितकालीन धरने की घोषणा की। उन्होंने एसडीएम से कहा कि प्रशासन यदि चाहे तो उनकी समस्या का समाधान हो सकता है। उन्हें प्रशासन से आश्वासन नहीं, चीनी मिल से निश्चित समय में भुगतान का चेक चाहिए। एसडीएम ने कहा कि डीएम लखनऊ में हैं, उनके आने पर समस्या का समाधान कराया जाएगा। इस मौके पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, सपा नेता अतहर हसन, हाजी जमशेद, चरण सिंह, पूर्व प्रधान बिजेंद्र मलिक, ब्रजवीर, करतार सिंह, ब्लाक प्रमुख अजीत सिंह आदि ने भी विचार रखे।