नए थाने में शामिल होंगे 20 गांव
रोहाना। थाना देहात कोतवाली के नाम से रोहाना में प्रस्तावित नए थाने के लिए जमीन की तलाश शुरू हो गई है। इस थाने में दूसरे थानों से हटाकर करीब एक दर्जन गांव लगाए जाएंगे।
रोहाना मिल में करीब 40 वर्षों से पुलिस चौकी स्थापित है, जो सहारनपुर के देवबंद कोतवाली की सीमा के साथ चरथावल, छपार थाने से जुड़ी हुई है। इन थानों से लगी हुई रोड दिल्ली से सहारनपुर और हरियाणा से हरिद्वार के यात्री सफर करते हैं। इस क्षेत्र में कई बड़ी घटनाएं हुईं। व्यापारियों से लूट जैसी घटनाओं को देखते हुए 15 वर्ष पूर्व तत्कालीन एसपी दयाशंकर सिंह ने रोहाना चौकी को रिपोर्टिंग चौकी बनाने आदेश जारी किए थे, जिसकी सभी औपचारिकता पूर्ण कर ली गई थी, लेकिन बाद में शासन के आदेश पर ऊन को रिपोर्टिंग चौकी बनाया गया था। उसके बाद पुलिस प्रशासन द्वारा वर्षों पूर्व थाना देहात कोतवाली के नाम से एक प्रस्ताव शासन को भेज गया था, जिसे थाना बनाए जाने की स्वीकृति मिल गई है। थाना बनाने के लिए चौकी प्रभारी मनोज कुमार चाहल ने क्षेत्र के पांच जगह की जमीन चिह्नित की है। उन्होंने बताया कि इसकी रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जाएगी। थाने के लिए करीब एक एकड़ जमीन की आवश्यकता है, जिसमें कर्मचारियों के आवास भी बनेंगे। नए थाना क्षेत्र में छपार थाने से ग्राम खामपुर, बढ़ीवाला, सिंभालकी, रेई, रामपुर तथा चरथावल के पावटी, बधाई कलां, सेदपुरा, कुटेसरा, कसियारा के शामिल होने की संभावना है।