मृत किसान के खाते से निकाल लिए 1.38 लाख
मुजफ्फरनगर। रोहाना खुर्द की एसबीआई शाखा में साढ़े चार माह पूर्व बिजली के करंट से मरे किसान के कृषि क्रेडिट कार्ड से एक लाख 38 हजार रुपये निकाल लिए गए। मृत किसान के फर्जी हस्ताक्षर कर पैसा संजीव नाम के व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दिया। इस मामले में सपा नेता सतेंद्र सैनी बृहस्पतिवार को डीएम से मिले और पूरा मामला रखा। डीएम ने एडीएम वित्त को मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
रोहाना खुर्द गांव के किसान ईश्वरचंद की 24 नवंबर 2016 को बिजली का करंट लगने से मौत हो गई थी। ईश्वरचंद का एसबीआई रोहाना में केसीसी खाता संख्या 33406382279 खुला हुआ था। ईश्वरचंद की पत्नी कौशल देवी गांव के ही नरेंद्र सैनी को साथ लेकर केसीसी का खाता चेक करने के लिए 29 मई को बैंक पहुंची, ताकि कुछ बकाया हो तो उसे जमा कर दे। बैंककर्मी से बुक में एंट्री की और एंट्री देखने पर पता चला कि ईश्वरचंद की मृत्यु के साढ़े चार माह बाद तीन अप्रैल 2017 को केसीसी खाते से एक लाख 38 हजार रुपये निकालकर किसी संजीव के खाते नंबर 11730350667 में ट्रांसफर कर दिए गए। सपा नेता सतेंद्र सैनी पीड़िता के साथ इस मामले में डीएम से मिले। डीएम ने मामले को समझने के बाद एडीएम वित्त को जांच कर कार्रवाई के लिए कहा है।