पीएनबी पर दूसरे दिन भी साइबर अटैक का खतरा
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर/ खतौली। शहर की पीएनबी शाखाओं में कामकाज हुआ, लेकिन देहात की कई ब्रांचों पर साइबर अटैक का खतरा दूसरे दिन भी मंडराता रहा। बैंक कर्मचारियों ने हार्डडिस्क वाले कंप्यूटरों को बंद रखा। सुरक्षा की दृष्टि से टैबलेट से लेनदेन का कार्य किया। टैबलेट से कार्य करने से लेनदेन का कार्य प्रभावित रहा।
जिले की पीएनबी शाखाओं पर साइबर अटैक का खतरा मंडरा रहा है। बैंक के मुख्यालय ने सभी शाखाओं को अलर्ट जारी कर रखा है। ब्रांचों में एहतियात बरती जा रही है। शहर की पीएनबी शाखाओं में दूसरे दिन लेनदेन हुआ। वहीं, देहात की शाखाओं में अभी भी खतरा बना हुआ है। खतौली के जीटी रोड स्थित पीएनबी शाखा के प्रबंधक वीर सिंह ने बताया कि साइबर अटैक का खतरा अभी बरकरार है। मुख्यालय से निर्देश दिए गए थे कि हार्डडिश वाले कंप्यूटरों में लेनदेन को लेकर गड़बड़ी हो सकती है, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से कर्मचारियों ने लेनदेन का कार्य टैबलेट से किया। टैबलेट से लेनदेन का कार्य करने पर भी कामकाज प्रभावित रहा, जिससे ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ी। शाखा प्रबंधक के मुताबिक साइबर एक्सपर्ट की टीमें लगी हुई हैं।
पुरकाजी में भी दिखा असर
पुरकाजी। साइबर अटैक की आशंका के चलते बैंक कर्मी ऐहतियात बरत रहे हैं। पीएनबी की शाखा में दो दिन से काम बंद रखा गया है, जिसके चलते बैंक में पैसा जमा करने और निकालने में ग्राहकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान धमात राजकुमार, नवीन राठी आदि ने बताया कि पैसा नहीं निकलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में बैंक मैनेजर रामचन्द्रा का कहना है कि बैंक में साइबर अटैक के खतरे के चलते कामकाज प्रभावित है। शुक्रवार से कामकाज सुचारु होने की संभावना है।