सांसद व विधायक ने किया सड़क मार्गों का शिलान्यास
तितावी। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री व सांसद डॉ संजीव बालियान और चरथावल विधायक विजय कश्यप ने शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में त्वरित आर्थिक विकास योजना से लाखों की लागत से बनने वाले क्षेत्र के चार मार्गों का शिलान्यास किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने केंद्र व प्रदेश सरकार के विकास कार्यों की भी जानकारी दी।
कस्बे में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में सांसद डॉ संजीव बालियान व विधायक विजय कश्यप ने गांव लालूखेड़ी-बलवाखेड़ी नहर पटरी से गांव टांडा तक के पांच किलोमीटर लंबे मार्ग पर 16 लाख की लागत से खड़ंजा लेपन कार्य का शिलान्यास किया। इसके अलावा, गांव साल्हाखेड़ी-अलीपुर कलां के पांच किलोमीटर लंबे बाईपास मार्ग पर 22 लाख की लागत से खड़ंजा लेपन, गांव नूनाखेड़ी से तितावी नहर पटरी मार्ग पर ढिंढ़ावली पुल तक डेढ़ किलोमीटर और बघरा-चरथावल मार्ग पर गांव अमीरनगर आबादी तक करीब 34 लाख की लागत से बनने वाली सड़क का भी शिलान्यास किया गया। उन्होंने बताया कि उक्त सभी मार्गों पर बहुत जल्द काम शुरू हो जाएगा। दोनों जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को केंद्र व प्रदेेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए देश-प्रदेश में कराए गए विकास कार्यों की भी जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।