मुजफ्फरनगर। भौराकलां पुलिस ने कपूरगढ़ के हिमांशी हत्याकांड में युवती और उसके प्रेमी के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी। सीजेएम ने मामले को सेशन के सुपुर्द कर दिया है। हिमांशी की हत्या उसकी बड़ी बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिल कर की थी।
भौराकलां थाना क्षेत्र के गांव कपूरगढ़ में गत सात फरवरी को हिमांशी अचानक लापता हो गई थी। दो दिन बाद उसकी लाश मकान के पास ही बोरे में बंद पड़ी मिली थी। पिता की ओर से अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच के उपरांत हत्याकांड का खुलासा कर मृतका की बड़ी बहन और उसके प्रेमी मोहित निवासी गढ़ीनौआबाद को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस ने बताया था कि उसकी बड़ी बहन का काफी समय से मोहित के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। एक दिन छोटी बहन हिमांशी ने दोनों को देख लिया था। छोटी बहन परिजनों को इसकी जानकारी न दे दे, इसलिए काजल ने अपने प्रेमी मोहित के साथ मिल कर छोटी बहन की गला दबा कर हत्या कर शव को बोरे में बंद कर फेंक दिया था। दोनों जेल में बंद है। भौराकलां पुलिस ने दोनों के खिलाफ चार्जशीट सीजेएम कोर्ट में पेश की। सीजेएम कोर्ट ने मामले को सेशन सुपुर्द करते हुए दोनों अभियुक्तों को 23 मार्च को जिला जज कोर्ट में पेश होने के आदेश दिए हैं।