तीन कॉलेजों में बनाया मूल्यांकन केंद्र
मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड की परीक्षा के उपरांत शुक्रवार से उत्तर पुस्तिकाओं को मूल्यांकन कार्य प्रारंभ होगा। मूल्यांकन आगामी 15 दिनों में पूरा करना होगा। हाईस्कूल और इंटर की कॉपियां जांचने के लिए शहर में तीन कॉलेजों में मूल्यांकन केंद्र बनाए गए है। मूल्यांकन के लिए करीब डेढ़ हजार शिक्षकों की डयूटी लगाई गई है।
शहर में इस बार तीन स्थानों पर मूल्यांकन केंद्र बनाए गए है। दीपचंद ग्रेन चेंबर इंटर कॉलेज नई मंडी और शहर के इस्लामिया इंटर कॉलेज में हाई स्कूल की उत्तर पुस्तिकाएं जांचने का कार्य होगा, जबकि जीआईसी में बनाए गए मूल्यांकन केंद्र में इंटर की कापियां का मूल्यांकन होगा। इसके लिए जिले भर के 261 स्कूल, कॉलेजों के करीब डेढ़ हजार शिक्षकों को मूल्यांकन डयूटी पर लगाया गया है। बोर्ड की ओर से ही शिक्षकों की मूल्यांकन में विषय के अनुसार डयूटी लगाई गई है। जीआईसी के प्रधानाचार्य ब्रजेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार यानि आज जीआईसी में बाढ़ सेंटर की इंटर भौतिक विज्ञान की पुन: परीक्षा होगी, इसलिए जीआईसी में मूल्यांकन का कार्य नौ मार्च से शुरू होगा। बाकी मूल्यांकन केंद्रों पर शुक्रवार से ही मूल्यांकन कार्य प्रारंभ हो जाएगा। उधर, दूसरे जनपदों से उत्तर पुस्तिकाओं को यहां भेजा गया है। जीआईसी में ही कड़ी सुरक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं को रखा गया है। यहां से उन्हें जांचने के लिए संबंधित मूल्यांकन केंद्र पर भेजा जाएगा।