स्कूलों में छात्रों की संख्या मिली कम
मुजफ्फरनगर। जिले के परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण में पांच शिक्षक-शिक्षिकाएं और दो शिक्षामित्र अनुपस्थित मिले। स्कूलों में छात्र संख्या कम तथा गंदगी मिलने पर सुधार के निर्देश दिए गए। सभी का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए गए हैं।
बुधवार को जिले के 50 परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों सहित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों का खंड शिक्षा अधिकारियों ने निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय बरवाला प्रथम में गंदगी मिली। विद्यालय में शिक्षण कार्य की स्थिति भी बेहद खराब थी। प्राथमिक विद्यालय बरवाला द्वितीय में शिक्षामित्र मनोज कुमार तथा सहायक अध्यापक वैभव गुप्ता अनुपस्थित पाए गए। उच्च प्राथमिक विद्यालय बरवाला में मात्र 14 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापक को नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए गए। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बुढ़ाना में पार्ट टाइम टीचर संगीता अनुपस्थित थी। मानक के अनुसार भोजन का वितरण नहीं होना पाया गया। ब्लॉक खतौली के प्राथमिक विद्यालय बेगराजपुर में सीमा नसीम व उजमा परवीन नदारद मिलीं। अवकाश प्रार्थना पत्र के विषय में प्रधानाध्यापिका कोई जानकारी नहीं दे पाईं। ब्लॉक सदर के प्राथमिक विद्यालय वहलना में रंगाई-पुताई नहीं होना पाया गया। ब्लॉक मोरना के प्राथमिक विद्यालय रहमतपुर में सहायक अध्यापिका अमृृता वर्मा अनुपस्थित थी। ब्लॉक चरथावल के प्राथमिक विद्यालय खांजापुर में शिक्षामित्र अनिल मलिक भी मौजूद नहीं मिले। बीएसए योगेश कुमार शर्मा ने बताया कि अनुपस्थित मिले शिक्षकों और शिक्षामित्रों का एक दिन का वेतन/मानदेय काटने के निर्देश दिए गए हैं।