चार सेंटरों की फुटेज की होगी जांच
मुजफ्फरनगर। एसटीएफ की कार्रवाई के बाद प्रशासन ने जिले के चार परीक्षा केंद्रों की वीडियो फुटेज और वायस रिकार्डिंग को जांच में शामिल किया है। सामूहिक नकल का मामला पकड़े जाने के बाद बीएसएस इंटर कॉलेज पमनावली, डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल इंटर कॉलेज खुड्डा, जनता इंटर कॉलेज पमनावली और जनता इंटर कॉलेज बाढ़ की शनिवार तक की सीसीटीवी फुटेज और वायस रिकार्डिंग कब्जे में ली जाएंगी।
रिश्वत लेते पकड़ा था डीआईओएस का स्टेनो
मुजफ्फरनगर। सामूहिक नकल को लेकर आरोपों के घेरे में आए डीआईओएस प्रवीण मिश्रा उस समय चर्चाओं में आए जब डेढ़ माह पहले उनके स्टेनो सुनील शर्मा को मेरठ की भ्रष्टाचार निरोधी इकाई टीम ने रिश्वत लेते पकड़ा था। जीआईसी परिसर में पकड़े गए स्टेनो से दो लाख रुपये की रकम बरामद हुई थी। विद्यालय की मान्यता दिए जाने की फाइल स्वीकृत करने को आवेदक से यह रकम ली गई थी। फिलहाल आरोपी स्टेनो जेल में है। एसटीएफ की कार्रवाई की डीआईओएस महकमे में हड़कंप है।