मुजफ्फरनगर। भोपा रोड स्थित विश्वकर्मा चौक पर लगातार अतिक्रमण हो रहा है। आम आदमी को भी यहां से निकलना मुश्किल हो रहा है। अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर विश्वकर्मा धीमान सेवा संघ ने चेयरपर्सन को ज्ञापन दिया है।
संघ के महासचिव नरेश कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि भोपा रोड स्थित विश्वकर्मा चौक पर लगातार अतिक्रमण बढ़ रहा है। नगरपालिका इसे लेकर उदासीन बनी है। नगर पालिका चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल को दिए ज्ञापन में कहा कि विश्वकर्मा चौक को तथाकथित नेताओं द्वारा होर्डिंग एवं बैनर से पाट दिया गया है। राजनीतिक पार्टियों एवं समाज के कुछ नेताओं द्वारा अपने स्वार्थ सिद्धि को इसे अपना प्रचार करने का माध्यम बना लिया है। लोगों की श्रद्धा का प्रतीक विश्वकर्मा चौक जो एक धार्मिक एवं रमणीय स्थल है, इसकी सुंदरता को ध्वस्त किया जा रहा है। विश्वकर्मा धीमान सेवा संघ ऐसे लोगों का विरोध करता है। चेयरपर्सन ने आश्वासन दिया कि अतिशीघ्र विश्वकर्मा चौक को हर तरह के अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा।