शुगर मिल प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी होगी
खतौली। त्रिवेणी शुगर मिल प्रकरण में नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने अपनी जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। इस प्रकरण को लेकर पुलिस जांच टीम गठित की गई है। जांच पड़ताल के बाद शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
शुगर मिल में शनिवार को घटतौली का आरोप लगाते हुए किसानों ने हंगामा खड़ा कर दिया था। हंगामा होने पर सहकारी गन्ना समिति के चेयरमैन ओमबीर सिंह अपने साथ कुछ लोगों को लेकर मौके पर पहुंच गए थे। रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी ने मिल में पहुंचकर मिल के जीएम के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर धरना प्रारंभ कर दिया था। चेयरमैन की ओर से जीएम के विरुद्ध घटतौली का मुकदमा दर्ज के आश्वासन पर रालोद जिलाध्यक्ष ने धरना समाप्त किया था। पुलिस ने जीएम के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था। जीएम ने भी चेयरमैन ओमबीर सिंह, भैंसी के जयप्रकाश शास्त्री व ब्लाक प्रमुख पति गौतम समेत 150 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। इंस्पेक्टर अंबिका प्रसाद भारद्वाज ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल करने के लिए पुलिस की जांच टीम गठित की गई है। शीघ्र ही जांच पड़ताल करने पर आरोप सिद्ध होते ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। पुलिस किसी भी वक्त आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश डाल सकती है।