एसपी देहात ने किया कोतवाली का निरीक्षण
जानसठ। एसपी देहात अजय सहदेव ने कोतवाली पहुंच कर 24 अप्रैल को होने वाले डीआईजी के निरीक्षण की तैयारी का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां मिलने पर उन्हें दूर करने के दिशा निर्देश दिए।
कोतवाली का निरीक्षण 24 अप्रैल को डीआईजी शरद सचान द्वारा किया जाएगा। पुलिसकर्मियों द्वारा रिकॉर्ड को दुरुस्त करने के लिए युद्धस्तर तैयारियां चल रही हैं। बृहस्पतिवार को एसपी देहात, सीओ एसकेएस प्रताप ने कोतवाली पहुंचकर डीआईजी के होने वाले निरीक्षण की तैयारियों का जायजा लिया। कंप्यूटर रूम, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात व मेस के साथ कोतवाली परिसर का निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए। इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह, एसएसआई मनोज यादव से कोतवाली के रिकॉर्ड के बारे में जानकारी ली गई। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी देहात ने डीआईजी के दौरे को लेकर पुलिस द्वारा की गई तैयारी पर संतुष्टि जताई। इससे पूर्व, एसपी देहात के यहां पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
किसान की दो बीघा गेहूं की फसल जली
जानसठ। थाना क्षेत्र के गांव नाईपुरा निवासी भगवती के खेत के ऊपर से होकर जा रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से निकली चिंगारी से दो बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। बृहस्पतिवार की सुबह अचानक तारों से चिंगारी निकल कर उनके खेत में खड़ी गेहूं की फसल पर गिरने से आग लग गई। आसपास के किसानों ने पीड़ित किसान को सूचना दी और आग बुझाने का प्रयास किया। चिंगारी गिरने से दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही गांव के लोग खेत की ओर दौड़ पड़े और और बड़ी मश्क्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक उसकी लगभग दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी। पीड़ित किसान ने विद्युत विभाग से मुआवजा की गुहार लगाई है।