इंटरनेट सेवा बंद होने से लोग परेशान, बैंकिंग कार्य प्रभावित
खतौली/जानसठ। मंगलवार को इंटरनेट सेवा बंद होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। छात्र-छात्राएं परीक्षा फार्म भरने से वंचित रह गए। वहीं, क्षेत्र की बैंकिंग व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही रजिस्ट्री कार्यालय में बैनामे भी नहीं हो सके।
शासन के आदेश पर मंगलवार को सुबह से लेकर शाम करीब चार बजे तक इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई थी। नतीजतन मेरठ यूनिवर्सिटी के वेबसाइट पर फार्म भरने की अंतिम तिथि तीन अप्रैल घोषित की गई थी, जिसको लेकर कंप्यूटर सेंटर व सूचना केंद्रों पर फार्म भरवाने वाले छात्र छात्राएं परेशान रहे। मेरठ यूनिवर्सिटी द्वारा व्यावसायिक कोर्स की तिथि नहीं बढ़ाई गई तो कई छात्र फार्म भरने से वंचित रह जाएंगे। बैंकों में लेनदेन प्रभावित रहा। जानसठ में जन सूचना केंद्र के संचालक दीपक दीक्षित, नेत्रपाल कश्यप, अमित आदि ने बताया कि मंगलवार सुबह से ही इंटरनेट की सेवा बंद कर दी गई थी, जिसके चलते फार्म नहीं भरे जा सके हैं।