गंगनहर में छात्र डूबा
जानसठ (मुजफ्फरनगर)।
जटवाड़ा स्थित गंगनहर में चार दोस्त नहाने गए थे, जिसमें से एक छात्र डूब गया। इस पर छात्र के तीनों दोस्त वहां से फरार हो गए। दोस्तों ने डूबे छात्र के घर पर परिजनों को इसकी जानकारी नहीं दी। छात्र के डूबने से परिवार के लोग परेशान हो उठे।
मोहल्ला बेरियान निवासी 14 वर्षीय समीर पुत्र इस्माईल मुजफ्फरनगर के डीडीपीएस स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ता है। मंगलवार को छात्र समीर अपने दोस्त मोहल्ला बेरियान निवासी फैज पुत्र अरशद व मौहल्ला हुसैनपुरा निवासी भारत पुत्र राजकुमार, शुभम पुत्र लोकेश के साथ जटवाड़ा की गंगनहर में नहाने के लिए गया था। नहाते समय समीर गंग नहर में डूब गया। समीर के डूबने पर तीनों दोस्त वहां से भाग खड़े हुए। इन तीनों दोस्तों ने समीर के डूबने की जानकारी किसी को नहीं दी। शाम तक समीर जब घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसके दोस्तों से पूछताछ की। दोस्तों ने भी परिजनों को कुछ भी नही बताया। परिजनों ने पुलिस को समीर के लापता होने की सूचना दी। पुलिस दोस्त फैज से पूछताछ करने के लिए उसके घर पहुंची, तो वहां पर परिजनों ने पुलिस के साथ हाथापाई कर दी। समीर के परिजनों ने तीनों दोस्तों पर हत्या करने का आरोप लगाया है । पुलिस और परिजन गंग नहर में समीर को तलाश कर रहे हैं। देर रात तक साथ समीर का गंग नहर में पता नहीं चल सका था । सीओ एसकेएस प्रताप ने बताया कि गंगनहर को बंद करा दिया गया है। कस्बे मामला संवेदनशील मानते हुए पांच थानों की पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसपी देहात अजय सहदेव भी सूचना मिलने पर गंगनहर पर पहुंचे। एसपी देहात ने बताया कि दोस्तों ने बताया कि छात्र समीर गंगनहर में डूब गया है। इसके बावजूद पुलिस जांच में जुटी है।