जिला पंचायत के वार्ड नंबर 35 में 22 को मतदान
मुजफ्फरनगर। वार्ड नंबर 35 के जिला पंचायत सदस्य विक्रम सैनी के विधायक बन जाने के बाद से रिक्त हुए इस वार्ड में चुनाव आयोग ने चुनाव कराने की घोषणा कर दी है। अब 22 फरवरी को मतदान होगा और 24 फरवरी को मतगणना कराई जाएगी।
कवाल कांड के बाद पुलिस कार्यवाही की जद में आए गांव के पूर्व प्रधान विक्रम सैनी ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में जिला पंचायत के वार्ड संख्या 35 से चुनाव लड़ा और विजयश्री हासिल की थी। वह जिला पंचायत में सदस्य बने और क्षेत्र के विकास के लिए अग्रसर रहे। इसी बीच यूपी विधानसभा चुनाव 2017 में पार्टी ने उन पर फिर से दांव खेला और उनको खतौली विधानसभा से प्रत्याशी बनाया। इस चुनाव में बड़े अंतर से जीत दर्ज कर विक्रम सैनी विधानसभा में पहुंचे। विधायक बनने के साथ ही जिला पंचायत के वार्ड 35 से उनकी सीट रिक्त हो गई। राज्य निर्वाचन आयोग ने वार्ड 35 पर निर्वाचन कराए जाने की अधिसूचना जारी कर दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी जिला मजिस्ट्रेट के द्वारा अपर जिलाधिकारी प्रशासन हरीश चंद्र को जिला पंचायत सदस्य वार्ड 35 का निर्वाचन अधिकारी नियुक्त करते हुए सार्वजनिक सूचना जारी करने के निर्देश दिये। इसी क्रम में निर्वाचन अधिकारी एडीएम ई हरीशचंद्र द्वारा सोमवार को जिला पंचायत के वार्ड संख्या 35 पर सदस्य पद का निर्वाचन कराए जाने के लिए निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया है। उन्होंने बताया कि 12 फरवरी को उनके कलक्ट्रेट कंपाउंड में स्थित न्यायालय में प्रात: दस बजे से अपराह्न चार बजे तक चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 13 फरवरी को प्रात: दस बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 15 फरवरी को प्रात: दस से दोपहर तीन बजे तक उम्मीदवारी वापस ली जा सकेगी। इसी दिन तीन बजे के बाद से वैध उम्मीदवारों को प्रतीक चिह्न आवंटित किए जाएंगे। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 22 फरवरी को उक्त वार्ड के क्षेत्रों में प्रात: सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदाताओं द्वारा वोट डाले जाएंगे। 24 फरवरी को प्रात: आठ बजे से विकासखंड जानसठ परिसर में मतों की गणना कराई जाएगी। इसी दिन मतगणना के पश्चात निर्वाचन अधिकारी के कलक्ट्रेट कार्यालय में परिणाम घोषित किया जाएगा।