परीक्षा की घड़ी में सेहत का भी रखें ख्याल
मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं पर अव्वल अंक लाने का दबाव और प्रतिस्पर्धा हावी हो जाती है, जबकि अभिभावक भी प्रेशर रखते हैं। इससे विद्यार्थियों में तनाव बढ़ता है। अब परीक्षा की घड़ी में सेहत का भी ख्याल रखना लाजिमी होगा। दिनचर्या में बदलाव कर संयमित खान-पान का इस्तेमाल बेहतर रहेगा।
स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ योगेंद्र त्रिखा बताते हैं कि परीक्षा की घड़ी में छात्र-छात्राओं को तनावमुक्त रहना चाहिए। भरपूर नींद लें और ज्यादा देर रात तक पढ़ाई करने से बचें। सुबह की पॉली में परीक्षा है तो उसके लिए अलग से दिन में तैयारी का शेड्यूल बनाएं। नींद पूरी नहीं होने से थकान बढ़ेगी, जो शरीर में अन्य रोग भी पैदा कर सकती है। उन्होंने कहा कि खान-पान में बदलाव कर हल्का आहार लें। एक साथ भरपेट भोजन नहीं करे तो बेहतर है। सुुबह परीक्षा से करीब दो घंटे पहले जागें और व्यायाम करने के बाद अपने कोर्स को रिवाइज करें। उसके बाद भोजन में हल्का आहार लें, तने-भुने और फास्ट फूड से परीक्षा तक दूरी बनाएं।
-दूध-दही, अंडा भरपूर मात्रा में लें।
-नाश्ते में घर की बनी भेलपुरी, टोस्ट, पनीर, सलाद, -शहद के साथ सूखे मेवे आदि लिए जा सकते हैं।
-फास्टफूड कम से कम लें।
-फल, फलों का रस, नींबू पानी, सूप का प्रयोग करें।
-चाय पीना छोड़कर हर्बल-टी लेना बेहतर है।
-रात का खाना हल्का लें। इसमें दलिया, कॉर्न या रोटी-सब्जी खाई जा सकती है।
-स्मृति बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थो को शामिल करें।
-बहुत अधिक चीनी और मीठी चीजें ना दें।
-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले गाजर, कद्दू, हरी पत्तेदार सब्जियां का प्रयोग करे।
-तनाव कम करने के लिए ब्राउन चावल, मेवा का इस्तेमाल करें।
-परीक्षा के दौरान बाहर का खाना खाने से बचें। इससे संक्रमण हो सकता है।