चौधरी जगवीर हत्याकांड: कोर्ट मेें पेश हुए भाकियू अध्यक्ष
मुजफ्फरनगर। राकिमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जगबीर सिंह हत्याकांड के आरोपी भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत मंगलवार को कोर्ट में पेश हुए। मुकदमे के वादी पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह अदालत में पेश नहीं हुए, जिस कारण उनके बयान दर्ज नहीं हो सके। कोर्ट ने सुनवाई स्थगित करते हुए एक फरवरी की तारीख लगा दी।
राष्ट्रीय किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ जगबीर सिंह की 14 वर्ष पहले 6 सितंबर 2003 को उनके गांव अलावलपुर माजरा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक किसान नेता के बेटे पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह ने मुकदमा दर्ज कराते हुए भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत को भी नामजद किया था, तभी से यह मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन है। अभी तक मुकदमे के वादी योगराज सिंह के बयान पूरे नहीं हो सके हैं। वर्ष 2007 में उनके बयान दर्ज होने शुरू हुए थे, जो बीते दस साल में भी अभी तक पूरे नहीं हुए है। मंगलवार को इस मुकदमे की तारीख होने पर आरोपी भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत कोर्ट में पेश हुए, मगर वादी योगराज सिंह कोर्ट में पेश नहीं हुए, जिस कारण उनके बयान पूरे नहीं हो सके। कोर्ट ने सुनवाई एक फरवरी तक स्थगित कर दी।