मोक्षदायिनी है श्रीमद्भागवत कथा
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। बाला जी मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में कथा व्यास पंडित खेमचंद कौशिक ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा श्रवण से मनुष्य को मोक्ष की प्राप्ति संभव है।
कथा के तीसरे दिन कथा व्यास ने कहा कि महाराज परीक्षित को सर्प डसने से मरने का श्राप लगा था, इसलिए शुकदेव जी ने एक सप्ताह की श्रीमद्भागवत कथा श्रवण कराई, जिसके फलस्वरूप महाराज परीक्षित को मोक्ष प्राप्त हुआ। उन्होंने भागवत कथा में अनेक चरित्र का उल्लेख करते हुए विदुर उद्धव मिलन, देवभूति करदम संवाद, कपिल आख्यान, सती चरित्र, दक्ष यज्ञ विधवंश, भक्त ध्रूव चरित्र, भगवान ऋषभ देव चरित्र, आदि की विस्तृत व्याख्या कर श्रोताओं को भाव विभोर कर दिया। महाराज श्री ने प्रहलाद के चरित्र का गुणगान भी किया। कथा व्यवस्था में राजपाल सुक्रालिया, जगमोहन, बिजेंद्र कुमार, विनोद कुमार, मनोज वाजपेयी, मूलचंद, सचिन, अमित गर्ग, विकास, रविंद्र आदि मौजूद रहे।
डीसीएम की टक्कर से दो युवक घायल
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। मीरापुर-रामराज मार्ग पर एक वाहन ने रांग साइड में आकर बाइक पर सवार दो युवकों को चपेट में लेकर घायल कर दिया। ढांसरी निवासी बिजेंद्र पुत्र नेपाल और पप्पू पुत्र चरण सिंह बाइक से रामराज जा रहे थे। कैथोड़ा के पास मेरठ की ओर से आ रही डीसीएम ने रांग साइड आकर बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों घायल हो गए। रामराज पुलिस ने घायलों को जानसठ सीएचसी भर्ती करा दिया। दुर्घटना करने वाला डीसीएम चालक अपने वाहन को लेकर फरार हो गया।
योग से ही निरोगी काया संभव
तितावी (मुजफ्फरनगर)। आर्य कन्या इंटर कॉलेज ढिंढावली में योगी विपिन रघुवंशी ने शिक्षकों और छात्राओं को योगासन और ध्यान क्रियाएं कराई। साथ ही इनसे होने वाले लाभ के बारे में बताया। योग करने से शरीर स्वस्थ्य रहता है। रोजाना योग करने से शरीर निरोगी रहता है। प्राचार्या कौशल्या देवी ने आभार जताया। वेदपाल मुखिया, प्रवेंद्र बालियान आदि मौजूद रहे।