गांव सोंटा रेलवे फाटक के पास वायरिंग में शार्टसर्किट होने से कार में आग लग गई। आग लगने पर कार सवार मां व बेटे ने बाहर निकल कर अपनी जान बचा ली। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई थी।
गांव नंगली महासिंह निवासी श्रीपाल पुत्र कर्ण सिंह अपनी मां राजेश के साथ गांव सोंटा में अपनी रिश्तेदारी में गया था। दोपहर को वह कार से खतौली जा रहे थे। सोंटा रेलवे फाटक पर जैसे ही उन्होंने पार किया, तो श्रीपाल ने कार में से धुआं उठते देखा। तुरंत ही श्रीपाल अपनी मां को लेकर नीचे उतर गए। देखते ही देखते कार धू-धू कर कार जलने लगी। कार में लगी आग को देखकर धरना देकर बैठे किसान व ग्रामीण आग बुझाने के लिए दौड़े। किसानों व ग्रामीणों ने जलती कार पर काफी मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग नहीं बुझी। जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी।