गांव खानजहांपुर में स्कूल के पास ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से किशोर की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच करते हुए शव को कब्जे में ले लिया।
मेरठ के थाना सरुरपुर के गांव खिवाई निवासी रहीस का पुत्र अमन (15) गांव खानजहांपुर में मौसी फरजाना पत्नी शान मोहम्मद के घर पर रहकर सिलाई का काम सीख रहा था। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अमन घर से खतौली आ रहा था। रास्ते में स्कूल के पास पीछे से गन्नों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को लेकर गांव खानजहांपुर निवासी प्रदीप पुत्र धर्मबीर सैनी खतौली शुगर मिल में डालने के लिए जा रहा था। स्कूल के पास अचानक अमन ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गया। ट्रैक्टर के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद प्रदीप ट्रैक्टर ट्रॉली को छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गन्नों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले ली। मृतक के चचेरे भाई गांव खिवाई निवासी आरिफ ने चालक के विरुद्ध कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।