गंगनहर से छात्र का शव बरामद
भोपा। चार दिन पहले गंगनहर में कूदकर आत्महत्या करने वाले छात्र संजीव राठी का शव गोताखोरों ने बरामद कर लिया। मोबाइल, पर्स, बाइक की चाबी भी जेब से मिली है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नईमंडी कोतवाली क्षेत्र के बचन सिंह कॉलोनी निवासी प्रमोद राठी के बेटे संजीव राठी उर्फ भोला ने रविवार को घर में हुई मामूली कहासुनी के चलते बेलड़ा गंगनहर में कूदकर जान दे दी थी। परिजन और पीएसी की गोताखोर टीम तभी से गंगनहर में शव की तलाश कर रही थी। परिजन भी गंगनहर पटरी पर दिन-रात पहरा दे रहे थे। बुधवार दोपहर भोपा पुल के पास संजीव का शव नहर में उतराता नजर आया। इसकी सूचना बेलड़ा पुल पर तैनात पीएसी की टीम को दी, तो मोटर बोट के माध्यम से शव को बाहर निकाला। शव को देखकर मौजूद परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल हो गया। मोबाइल, बाइक की चाबी, पर्स में रखे बीस हजार रुपये मिले हैं। संजीव लॉ का छात्र था। प्रमोद के तीन बेटों में वह दूसरे नंबर का था। गाजियाबाद से आई पीएसी की तैराक टीम में उदयवीर सिंह यादव, सुनील कुमार, विजय सिंह, जयनेंद्र, साहब सिंह, मोतीराम आदि शामिल थे।