म्हाड़ी मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब
मोरना। गोगा जाहरवीर म्हाड़ी मेले में श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने परिवार के साथ जोरदार जयकारों के बीच म्हाड़ी मंदिर मेें प्रसाद चढ़ाकर खुशहाली की मन्नत मांगी। भाजपा विधायक विक्रम सैनी ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया।
मोरना स्थित मेला ग्राउंड में ग्राम सभा की ओर से प्रत्येक वर्ष प्राचीन गोगा जाहरवीर म्हाड़ी पर मेले का आयोजन किया जाता है। मंदिर प्रबंध समिति के सुनील, गोपाल, प्रदीप आदि ने बताया कि बुधवार सुबह मुख्य अतिथि विक्रम सैनी द्वारा पूजा-अर्चना कर मंदिर के कपाटों को खोला गया। जिसके बाद प्रसाद चढ़ाया गया। मेले में बाहर से आए दुकानदारों ने खेल खिलौनों और घरेलू सामान के साथ दुकानें सजाईं। सुबह से प्रसाद चढ़ाने आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते पुलिस प्रशासन को व्यवस्था बनाने में पसीने छूट गए। इससे पूर्व ग्राम सभा की ओर से मेले के शुभारंभ के आयोजन में प्रधान पति शहजाद अंसारी, अमित राठी, ठेकेदार अनुज चौधरी, सुंदर, काला, राकेश, सत्यवीर आदि मौजूद रहे। वहीं मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भोपा सीओ रिजवान अहमद, थानाध्यक्ष विजय सिंह, चौकी इंचार्ज राजेश यादव मौजूद रहे। मेले में श्रद्धालुओं की ओर से आयोजित भंडारे का प्रसाद का वितरण भी किया गया।