विरासत दर्ज नहीं करने पर लेखपाल निलंबित
जानसठ। गांव ढ़ासरी की विधवा महिला ने पिछले बीस माह से लेखपाल द्वारा विरासत दर्ज नहीं करने से परेशान होकर उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी। अधिकारियों ने शिकायत को गंभीरता से लिया था। एसडीएम ने जांच पड़ताल में लेखपाल को दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया है।
तहसील क्षेत्र के गांव ढ़ासरी निवासी महिला अनुराधा के पति सुमित पुत्र वेद प्रकाश शर्मा की मृत्यु दो अगस्त 2017 को हो गई थी। पति की मृत्यु होने पर पीड़ित महिला अपने दो बच्चों वैभव व वैष्णव के नाम विरासत में दर्ज कराने के लिए पिछले बीस माह से तहसील में हल्का लेखपाल अमरदीप के चक्कर काट रही थी। लेखपाल पीड़िता महिला को विरासत दर्ज करने को लेकर चकमा देता आ रहा था। पीड़िता महिला ने लेखपाल से परेशान होकर उसकी शिकायत डीएम से की थी। मामला संज्ञान में आने पर डीएम ने एसडीएम विजय कुमार को समस्या का समाधान करने के आदेश दिए थे। तहसीलदार पुष्कर नाथ चौधरी ने हल्का लेखपाल अमरदीप को बुलाकर विधवा महिला की विरासत दर्ज कराकर उसे तुरंत फरद दिलवाई। एसडीएम विजय कुमार ने बताया कि लेखपाल द्वारा पिछले बीस माह से पीड़ित महिला की विरासत दर्ज नहीं करने व शासनादेश का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया. जिस पर लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।