योग साधिकाओं ने दिया सद्भाव का संदेश
मुजफ्फरनगर। राज दुर्गा योगासन केंद्र पर होलिकोत्सव मनाया गया। साधक महिलाओं ने सद्भाव, स्नेह और भाईचारे से रंगों का त्योहार मनाने का संदेश दिया।
परिक्रमा मार्ग स्थित योग केंद्र पर आयोजित रंगारंग कार्यक्रम में संचालिका कीर्ति अहलावत ने कहा कि होली पर्व भारतीय संस्कृति की विविधता के रंगों और महत्व को दर्शाता है। प्रकृति रंगों और गुलाल से होली खेलें। पर्व और त्योहार समाज को स्नेह और सदभाव की प्रेरणा देते हैं। बुजुर्ग सोना देवी ने होली प्रसंगों के माध्यम से इस त्योहार की महिमा बताई। गीत और संगीत की धुन पर ग्रुप डांस किया गया। राजेश्वरी, इंदू, अंजू, साधना, सरिता आदि मौजूद रहीं।
सनबीम स्कूल में मनाया होली उत्सव
मुजफ्फरनगर। केशवपुरी स्थित सनबीम स्कूल में नन्हे-मुन्नों ने एक दूसरे को गुलाल और रंग लगाकर होली मनाई। कक्षा एक से पांच तक के छात्र-छात्राओं आदित्य, अभिनव, शौर्य, परि ने रंगारंग धमाल मचाया। नर्सरी, यूकेजी, केजी के विद्यार्थियों ने कविता सुनाकर मन मोहा। संस्था निदेशक राजीव कुमार ने होलिका दहन की जानकारी दी। मेघना, मनीषा, राहत, सुप्रिया, एंकम, प्रियांशु आदि शिक्षिकाओं ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की खुशियां मनाईं। उधर, लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में होली उत्सव मनाया। शुभारंभ प्रधानाचार्य सतीश उपाध्याय ने किया। उन्होंने कहा कि होली उत्सव धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। शिक्षकों एवं छात्रों ने आपस में गुलाल लगाकर एक दूसरे को होली पर्व की शुभकामनाएं दीं।