पंजीकरण के विरोध में ई-रिक्शा चालकों ने प्रदर्शन किया
बुढ़ाना। ई-रिक्शा के पंजीकरण व चालक की डीएल की अनिवार्यता के खिलाफ ई-रिक्शा चालकों ने चांदनी वाला मंदिर में प्रदर्शन कर धरना दिया। धरना स्थल पर ई-रिक्शा के पंजीकरण व चालक के ड्राइविंग लाइसेंस का मुद्दा छाया रहा। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र त्यागी ने ई-रिक्शा चालकों को उनका पंजीकरण करवाने तथा सभी अपना ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की सलाह दी।
कस्बा व देहात क्षेत्र में बिना पंजीकरण की सैकड़ों की संख्या में सड़कों पर ई-रिक्शा दौड़ रही है। नियमानुसार ई-रिक्शाओं का एआरटीओ कार्यालय में पंजीकरण होना अनिवार्य है। ई-रिक्शा चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी अनिवार्य है। एआरटीओ द्वारा दो दिन पहले कस्बे में बिना पंजीकरण नंबर की कई ई-रिक्शाओं का चालान कर दिया गया था। इस घटना से क्षुब्ध ई-रिक्शा चालक बुधवार को कस्बे के चांदनी वाला मंदिर एकत्र हुए। एआरटीओ द्वारा चालान किए जाने से नाराज ई-रिक्शा चालकों ने जमकर हंगामा व प्रदर्शन किया। हंगामा प्रदर्शन करने के बाद मंदिर परिसर में धरना दिया। इस मौके पर ई-रिक्शा के पंजीकरण व चालक के लाइसेंस का मुद्दा छाया रहा। विचार विमर्श के बाद एक राय होकर सभी ई-रिक्शा चालक नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र त्यागी के पास पहुंचे। अपनी समस्या बताते हुए चालकों ने उनसे सलाह मांगी। भाजपा नेता जितेंद्र त्यागी ने कानून के जानकारी से अवगत कराते हुए सभी ई-रिक्शा चालकों को उनका पंजीकरण करवाने तथा चालक को अपना ड्राइविंग लाईसैंस बनवाने की सलाह दी। इस मौके पर अनीस, बुधसिंह, जयप्रकाश, सुनील, आबिद, शाहनवाज, इस्लाम, मोहन, इदरीश, मुबारिक ,संदीप सहित करीब तीन दर्जन ई-रिक्शा चालक मौजूद रहे।