बाग ठेकेदार पर किया घायल
पुरकाजी। कस्बा निवासी बाग ठेकेदार को कुछ लोगों ने मारपीट कर गंभीर घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने नगदी और मोबाइल फोन भी लूट लिया। पीडित ने पांच लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। मोहल्ला झोझगान निवासी अशरफ पुत्र नूरहसन ने मांडला में बाग ठेके पर ले रखा है। बुधवार सांय वह बाग में जा रहा था। रास्ते में मिले कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और नगदी सहित उसका मोबाईल लूट ले गए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों व पीडित के बीच कोई पुराना विवाद चल रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।
ग्रामीणों का बिजलीघर पर हंगामा
पुरकाजी। फलौदा के ग्रामीणों ने पुरकाजी बिजलीघर पर हंगामा कर कर्मचारियों पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया। एसडीओ ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया।
फलौदा के दर्जनों ग्रामीण पुरकाजी बिजलीघर पहुंचे और नारेबाजी कर हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि बिजली घर पर तैनात विद्युत कर्मी बिल देरी से जमा करने पर आरडी के नाम पर ग्रामीणों से अवैध वसूली कर रहे हैं। बिजलीघर पर आने वाले लोगों की बात ना सुनकर कर्मचारी उनके साथ बदसलूकी करते हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर कर्मचारियों ने अवैध वसूली बंद नहीं कि उग्र आंदोलन किया जाएगा। अशोक त्यागी, दिनेश त्यागी, रामलाल, भूपेन्द्र त्यागी, मुकेश कुमार, बाबूराम, शुभम त्यागी, मेवाराम मौजूद रहे।
शहीदी दिवस पर छबील लगाई
पुरकाजी। गुरुअर्जुन देव जी महाराज के शहीदी दिवस पर पंजाबी समाज द्वारा गुरुद्वारे प्रांगण में दरबार साहब का पाठ कर कढ़ी का प्रसाद वितरित किया गया। उसके उपरांत गुरुद्वारे के निकट हाइवे पर छबील लगाकर राहगीरों को शर्बत बांटा। गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सरजीत सिंह, सचिव सरदार सुखपाल सिंह बेदी, प्रदीप चौधरी, आशु बेदी, रोमी खुल्लर, रंजीत मिगलानी, बब्बर बेदी, संजीव खुल्लर, राजू सोढी, अन्नू चौधरी, अनुज, अभिषेक खुल्लर, रोहित गर्ग रहे।
निरोगी होने को योग से जुड़े
पुरकाजी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नागरिकों ने योग किया। लाला सुखलाल इंटर कालेज में सुधीर त्यागी ने, राजकुमार इंटर कालेज के प्रधानाचार्य रविदत्त धीमान ने योग कराया गया। विधायक प्रमोद उंटवाल, बीडीओ तुलसीराम प्रजापति, इंस्पेक्टर विजय सिंह के अलावा हरिराम सक्सेना, विरेंद्र सिंह, डॉ ओपी गौतम, राजू वर्मा, रजनीश अग्रवाल, मनोज चौहान, मणीकांत गोयल, राजकुमार प्रधान मौजूद रहे। भूराहेड़ी के प्राथमिक स्कूल में ग्राम प्रधान नवीन राठी के नेतृत्व में प्रधान अध्यापिका दीप शिखा ने बच्चों को योग कराया। तुगलकपुर के स्कूल में शिक्षक मेराज खालिद ने योग कराया। प्रधान प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। कस्बे के प्राथमिक विद्यालय में आयोजित योग कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार, मुकेश कुमार, दुष्यंत आदि मौजूद रहे।