फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डाक सेवकों की हड़ताल सातवें दिन भी जारी रही, नागरिक परेशान

विज्ञापन
विज्ञापन
मीरापुर। ग्रामीण डाक कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण कस्बे में डाक वितरण व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गयी। डाकघर में आई डाक सामग्री का वितरण न होने से संबंधित लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सातवें पेय कमीशन की सिफारिशों को लागू करने की मांग को लेकर ग्रामीण डाक कर्मचारी 26 मई से हड़ताल पर हैं। मीरापुर के पोस्ट मास्टर गुरुचरणदास ने बताया कि कर्मचारी विजयपाल, ब्रजमोहन, प्रवीण, सुरेंद्र कुमार, परवेज, दिनेश कौशिक, रामेश्वर, ब्रजपाल आदि के हड़ताल पर जाने से डाक वितरण व्यवस्था प्रभावित है। डाक सामग्री के पोस्ट आफिस में ढेर लगे हैं। जरूरी डाक प्राप्त न होने के कारण संबंधित लोग डाकघर के चक्कर काटने पर मजबूर हैं।
विज्ञापन


बैंक कर्मी रहे हड़ताल पर, बैंकिंग कार्य ठप
मीरापुर। राष्ट्रीयकृत बैंकों में दो दिन की हड़ताल के कारण वित्तीय लेन-देन ठप रहा। कस्बे के पंजाब नेशनल बैंक मीरापुर एवं कैथोड़ा, भारतीय स्टेट बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, कारपोरेशन बैंक के समस्त कर्मचारी वेतन वृद्धि की मांग को लेकर दो दिवसीय हड़ताल पर चले गए। हड़ताल के कारण बैंकों में ताले लटके है। संबंधित ग्राहक बैंक बंदी के कारण परेशान रहे। वित्तीय लेन देन न होने से लोगों के जरूरी काम प्रभावित रहे।

महिला से सोने का हार ठगा
मीरापुर। गांव मुकल्लमपुरा के निकट मोहल्ला इस्लामाबाद की रहने वाली एक महिला ने कस्बे के एक दुकानदार पर करीब ढाई तोले के सोने के हार को हड़पने का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी है। महिला सलमा पत्नी आस मोहम्मद का कहना है कि चार दिन पूर्व उसके बेटे को मकान के पीछे से एक सोने का हार मिला था। जिसे लेकर वह बाजार में आयी तो एक दुकानदार ने उसे मामूली रकम देकर हार हड़प लिया। हार के असली मालिक को मामले की जानकारी मिली तो संबंधित लोग आरोपी दुकानदार से मिले, लेकिन दुकानदार ने महिला से किसी भी लेन देन को इंकार कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
विज्ञापन


छेड़छाड़ का आरोपी पकड़ा
मीरापुर। गांव कैथोडा के मोहल्ला हनुमानपुरी निवासी एक किशोरी से सरेआम छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पीड़ित पिता ने आरोपी विक्की के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। एसओ मनोज चौधरी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

सड़क हादसे में दंपति घायल
मीरापुर। रूड़कली निवासी दिलशाद अपनी पत्नी तहरून्नीशा को लेकर बाइक से मीरापुर आ रहा था। दोपहर करीब 11 बजे जानसठ की ओर से आ रहा अज्ञात वाहन उसकी बाइक में टक्कर मारकर फरार हो गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार दंपति घायल हो गये। दोनों घायलों स्थानीय डाक्टर से उपचार दिलाकर परिजन साथ ले गए।

ग्रामीण पर हमला
मीरापुर। गांव मुकल्लमपुरा निवासी नरेंद्र राय पुत्र गिरवर सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया कि 29 मई की शाम को वह मीरापुर से अपने गांव वापस जा रहा था। रास्ते में गांव के दो लोगों और एक महिला ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें