पंचायत सचिवों ऩे तीन दिन का सामूहिक अवकाश लिया
मुजफ्फरनगर। जिले के गांवों में तीन दिन तक अब कोई विकास कार्य नहीं हो पाएगा। अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी तीन दिवसीय सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं।
विकास भवन प्रांगण में ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति उत्तर प्रदेश के आह्वान पर धरना प्रदर्शन हुआ। समिति के जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह नागर ने कहा कि लंबित मांगों को पूर्ण कराने के लिए यह आंदोलन करना पड़ रहा है। सरकार को सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। तीन मांगों को लेकर प्रदेशस्तरीय आंदोलन हो रहा है। 30 मई तक सभी लोग सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि तीन सूत्री मांगों में ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी की शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट के स्थान पर स्नातक करने, अधिमानी शैक्षिक योग्यता सीसीसी प्रमाण पत्र के बजाए ओ लेविल करने, वेतनमान सातवें वेतन आयोग के अनुरूप लेवल पांच पर करने, सीधी भर्ती के सापेक्ष प्रोन्नति पद कम से कम 30 प्रतिशत सृजित कर समय से 10 वर्ष पर प्रथम प्रोन्नति करने की मांग शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों में विनय त्यागी, हरीश चन्द्र, निसार अहमद, राकेश, दिनेश आदि शामिल रहे।