मीरापुर। डॉ. अंबेडकर जागरण मंच के बैनर तले भव्य शोभायात्रा कस्बे के मुख्यमार्गों से निकाली गई। कई स्थानों पर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
डा. आंबेडकर जागरण मंच से संबंधित कार्यकर्ताओं एवं उनके अनुयायियों द्वारा डॉ. अंबेडकर की जयंती पर थाने के सामने स्थापित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। दोपहर बाद करीब चार बजे शोभायात्रा का शुभारंभ अतिथियों द्वारा किया गया। थाने के सामने से शुरू हुई शोभायात्रा कस्बे के मैन बाजार, पुरानी रामलीला चौक, घास मंडी, खटीकान, पड़ाव चौक, कमलियान होती हुई वापस थाने पर संपन्न हुई। उधर, कस्बे के बसंत शिक्षा सदन इंटर कालेज में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सुनील कुमार गोयल, अंजू रानी, लक्ष्मी देवी, नीरु शर्मा, शेखर सिंह, जोगेंद्र सिंह, डा. मयूर नागर, विनय आदि ने बाबा साहेब के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके अतिरिक्त नन्ही दुनिया जूनियर हाईस्कूल स्कूल, एसएसएस सीनियर सेकेंड्री स्कूल, गुरू तेगबहादुर स्कूल, श्रीराम पब्लिक स्कूल आदि में डा. भीमराव अंबेडकर जन्मोत्सव मनाया गया।
उधर, शाहपुर में कस्बे व देहात में संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान कई गांवों में कड़ी सुरक्षा के बीच शोभायात्रा निकाली गई। भीमराव अंबेडकर की जयंती पर शिक्षण संस्थान आर्य एकेडमी इंटर कालेज, डीएवी इंटर कालेज, दि स्काईलैंड स्कूल, प्राथमिक व जूनियर हाई स्कूल सहित कई स्कूलों में बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके अलावा गांव कमालपुर में निकाली गई शोभायात्रा गांव के रविदास मंदिर से प्रारंभ हुई। गांव सिमली में भी शोभायात्रा निकाली गई। अंबेडकर जयंती पर पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष सुरक्षा के प्रबंध किए गए थे।