शुक्रताल के जंगल में लगी आग से लाखों की क्षति
मोरना।
शुक्रताल क्षेत्र के गांव इलाहाबास व बिहारगढ़ के जंगलों में आग लगने से लाखों रुपये की क्षति हो गई। ग्रामीणों के अथक प्रयासों व फायर ब्रिगेड द्वारा आग पर काबू पाया जा सका। वन अधिकारियों ने गरम हवा के कारण आग का लगना बताया है।
हस्तिनापुर सुरक्षित वन्य जीव अभ्यारण्य क्षेत्र के गांव बिहारगढ़ व इलाहाबास के जंगल में सोमवार दोपहर को अचानक लगी आग से हजारों बीघा वन भूमि पर खड़ी वन संपदा जल गई। ग्रामीणों द्वारा आग को बुझाने के प्रयास किए गए। वन अधिकारी सिंहराज सिंह पुंडीर की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड के द्वारा आग पर काबू पाया गया। आग लगने से लाखों की वन संपदा जल गई। वनरक्षक शबी हैदर ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। घटना की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए नई कार्ययोजना बनाई जाएगी तथा वृक्षारोपण कर पुन: इस भूमि पर हरियाली लाई जाएगी।
आर्मी लिखी गाड़ी के चालक पर मुकदमा
मोरना। गाड़ी पर आर्मी लिखकर रौब झाड़ने वाले युवकों को गिरफ्तार कर पुलिस ने मुकदमा कायम करते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू दी है। भोपा पुलिस ने रविवार शाम सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली व बिना यातायात के नियम तोड़ने वालों के चालान काटे। वहीं पुलिस, प्रेस, आर्मी लिखी गाड़िय़ों को रोक लिया। आर्मी लिखी गाड़ी के चालक सोनू पुत्र सुरेश व उसके साथियों शैलेंद्र पुत्र बाबूराम, अशोक कुमार पुत्र खानचंद निवासी बिजनौर को बिना कागजात की गाड़ी व शराब पीकर गाडी चलाने के मामले में पकड़ कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। नंगला बुजुर्ग निवासी युवक को हिरासत में ले लिया। वह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के नाम से बने कागजात के साथ बाइक पर पुलिस लिखकर चला रहा था।
टीकाकरण कैंप का उद्घाटन किया
जानसठ। कस्बे के मोहल्ला हुसैनपुरा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री इंद्रधनुष योजना तहत टीकाकरण कैंप का उदघाटन व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेंद्र नगर व भाजपा जिला उपाध्यक्ष सतीश खटीक ने किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री योजना के जरिये बच्चों में होने वाली बीमारियों को रोकने तथा उनके बचाव के लिए टीकाकरण अभियान चलाया गया है। टीकाकरण अभियान एक चक्र के रूप में चलेगा, जिसमें कोई बच्चा टीका लगने से नहीं छूटेगा। कार्यक्रम में सीएचसी प्रभारी डॉक्टर नदीम, बृजेश रस्तोगी, राजीव गुप्ता, विवेक उपाध्याय, गौरव भटनागर आदि मौजूद रहे।