महिला प्रतिभाओं को किया सम्मानित
मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सामाजिक संगठनों ने गोष्ठी और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्र के विकास के लिए बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने का आह्वान किया। प्रयत्न संस्था की ओर से समाज में विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कोर्ट रोड स्थित आईक्यू नेत्र हॉस्पिटल में सामाजिक संस्था प्रयत्न की ओर से लगाए गए नेत्र परीक्षण शिविर में 150 से ज्यादा महिलाओं की आंखों की जांच की गई। कैंप का उद्घाटन नगर पालिका चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल एवं इनरव्हील क्लब की चेयरमैन आशा जैन ने संयुक्त रूप से किया। समाज में अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए चुनी गईं महिलाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ नूतन जैन को ग्लोबल एचीवर 2018 का सम्मान दिया गया। संस्था के अध्यक्ष समर्थ प्रकाश ने कहा कि प्रयत्न की महिला शक्ति विंग से 21 प्रतिभाओं को जोड़ा गया है। शक्ति विंग की इंचार्ज डॉ रिंकू गोयल ने नई सदस्यों का परिचय कराया। पुरस्कृत महिलाओं को समाजसेविका बीना शर्मा, डॉ नूतन जैन और समर्थ प्रकाश ने प्रशस्ति पत्र दिए। अध्यापिका रश्मि मिश्रा को शक्ति अवार्ड दिया गया। रीना अग्रवाल, असद फारुकी, वीणा अग्रवाल, रीना गौतम, गुंजन अरोरा, डॉ विवेक कुमार, चारु गुप्ता, ऋचा गुप्ता, डॉ विनीता सिंघल, शिखा कांबोज, अनुपमा सिंघल, सीमा शर्मा, वीणा कुमार, पूनम गर्ग, वंशिका अग्रवाल ने विचार रखे। पंजाब नेशनल बैंक ने महिला सम्मान दिवस का आयोजन किया। वरिष्ठ प्रबंधक कांति राठी ने कहा कि इसी दिन महिलाओं को वोट देने का अधिकार मिला था। मुख्य प्रबंधक एनसी जैन ने कहा कि हमें महिलाओं के प्रति सोच बदलनी होगी। संध्या गोयल, कोमल भल्ला, शिल्पी गोयल, सरिता, उषा देवी ने भाग लिया। तनेजा हॉस्पिटल पर स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। डॉ तारिणी तनेजा ने महिलाओं को उनके स्वास्थ्य, कर्तव्य, फर्ज आदि के बारे में बताया। मौलिक अधिकारों की जानकारी दी। सर्जन डॉ एमके तनेजा ने सभी का आभार जताया। धीरज पालीवाल, संजय, राजेश, रेखा, पूनम, मंजू, नुपुर, प्रमोद आदि का सहयोग रहा।