वायरल फीवर से हाल हुआ बेहाल
मुजफ्फरनगर। डेंगू और मलेरिया के साथ वायरल फीवर का कहर जारी है। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या 12 हो गई है। वायरल फीवर ने विभाग के साथ चिकित्सकों की नींद उड़ा दी है। चिकित्सालय मरीजों से ओवरफ्लों के होने के कारण सीएचसी, पीएचसी को हिदायत दी गई है। अफसरों ने कहा कि कम से कम मरीजों को जिला स्तर पर रैफर किया जाए।
एक सप्ताह से वायरल फीवर, डेंगू के साथ मलेरिया ने शहर से लेकर देहात तक में कहर मचा रखा है। मोरना, चरथावल में बुखार से युवकों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ गई है। चिकित्सकों की टीम ने मोरना क्षेत्र में जांच पड़ताल कर दोनों मौतों को बुखार के बजाय अन्य बीमारियों से पीड़ित होने के कारण माना है। साथ ही डेंगू के पांच नए और मरीज सामने आए हैं। डॉ वीके सिंह ने बताया कि जिले में 93 लोगों को संभावित डेंगू से पीड़ित माना गया था, जिनकी ब्लड स्लाइड बनाकर मेडिकल कालेज जांच के लिए भेजी गई। यहां से 12 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। मलेरिया से पीड़ित 590 से अधिक हो गए हैं। सीएचसी, पीएचसी से मरीजों को लगातार जिला चिकित्सालय रैफर किया जा रहा है। इससे जिला अस्पताल मरीजों से ओवरफ्लो हो गया है। इसको लेकर स्वास्थ्य अफसरों ने सीएचसी, पीएचसी पर ही मरीजों को भर्ती कर उपचार करने की हिदायत दी है।
ठंड बढ़ने पर मिलेगी राहत
मुजफ्फरनगर। तापमान नीचे गिरने पर मौसम में बदलाव आएगा। जैसे-जैस सर्दी बढ़ेगी ठीक उसके विपरीत मच्छरों का प्रकोप कम होगा। डॉ वीके सिंह ने बताया कि ठंड बढ़े पर मरीजों की संख्या घटेगी। फिलहाल दो दिन से मरीजों की संख्या घट रही है। सामान्य बुखार के लोग उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।