बारिश ने पालिका की पोल खोली
खतौली। शुक्रवार सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुई बारिश देर रात तक भी नहीं थमी। बारिश के पानी से सड़कें जलमग्न हो गई और नाले चौक होने की वजह से पानी से लबालब हो गए। यहां तक कि बारिश का पानी मकानों तक में घुस गया। इस बारिश ने नगरपालिका की सफाई व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी।
पालिका रोड, सैनीनगर, बिददीवाड़ा, बड़ा बाजार, गणेशपुरी, नई आबादी समेत कई मोहल्लों में बारिश के पानी से सड़कें जलमग्न हो गई और मकानों तक में पानी घुस गया था। नगर के सभी नाले चौक होने की वजह से लबालब होकर पानी सड़कों पर भर गया। दिनभर हुई लगातार बारिश जनजीवन भी अस्त व्यस्त हो गया। मकानों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। देर रात तक भी बारिश जारी रही। बारिश होने से बाजारों में दुकानदार अपनी दुकानें बंद करके दिन छिपने से पूर्व ही अपने घर चले गए थे।