चरथावल (मुजफ्फरनगर)। डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सजा सुनाए जाने के बाद पंचकूला समेत विभिन्न शहरों में भड़की हिंसा के बाद पुलिस ने चरथावल नाम चर्चा घर पर पहुंचकर जायजा लिया। हालांकि आश्रम में मौजूद आधा दर्जन अनुयायियों में मायूसी छाई थी। पुलिस ने चरथावल सीमा की तमाम चौकियों पर गश्त बढ़ा दी है।
शाम करीब चार बजे एसएसआई केपी सिंह और कस्बा प्रभारी नरेश भाटी मुजफ्फरनगर मार्ग स्थित डेरा सच्चा सौदा के अनुयायियों के नाम चर्चा घर पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद आधा दर्जन अनुयायियों से बातचीत की। यहां मौजूद कार्यकर्ता कोर्ट के फैसले के बाद बेहद मायूस नजर आए। इसके बाद पुलिस कुछ देर रुकने के बाद लौट आई। दरअसल, चरथावल नामचर्चा घर से चरथावल और बघरा के करीब 110 गांवों के अनुयायी रविवार सत्संग में जुटते हैं। पुलिस और खुफिया विभाग आश्रम की गतिविधियों को लेकर सतर्क हो गया। इसके अलावा पुलिस टीम ने दधेडू, बिरालसी, हिंडन और रोहाना मार्ग पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया। मोबाइल टीम बनाकर पुलिस ने गुपचुप तरीके से क्षेत्र में निगरानी में शुरू कर दी है।