मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष आंचल तोमर ने कहा कि महात्मा गांधी ने जो स्वच्छ भारत का सपना देखा था, उसको पूर्ण करना है। पीएम नरेंद्र मोदी उनके सपनों को साकार करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी का कर्तव्य है कि हम देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और एक स्वच्छ एवं सशक्त भारत का निर्माण करने में योगदान दें।
जिला पंचायत सभागर में भारत छोड़ो आंदोलन की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आंचल ने कहा कि प्रत्येक गरीब को मकान और रोजगार देने का प्रधानमंत्री ने बीड़ा उठाया है। डीएम जीएस प्रियदर्शी ने कहा कि देश को बड़े संघर्ष के साथ आजादी मिली। उन्होंने कहा कि 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन ने अंग्रेजों की कमर तोड़ी और उन्होंने भारत छोड़ने को मजबूर किया। गांधीजी के आह्वान पर लाखों भारतवासी करो या मरो के मंत्र पर अपने जीवन को जंग-ए-आजादी के लिए आहूत करने के लिए घरों से निकल पड़े। सभागार में उपस्थित जनप्रतिनिधियों को संकल्प दिलाया कि 2022 तक नए भारत के निर्माण में सहयोग देंगे और भारत को स्वच्छ रखेंगे।
गरीबी मुक्त भारत का निर्माण करने में अपनी भागीदारी निभाएंगे। सभी मिलकर संप्रदायवाद मुक्त भारत का निर्माण करेंगे और एक ऐसा भारत बनाएंगे, जो आतंकवाद और जातिवाद से मुक्त हो। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को संकल्प दिया कि अपने गांव को उन्नत गांव बनाएंगे। मातृ मृत्यु दर को खत्म करना है। अशिक्षा को दूर करना है। हम शहर और गांवों को स्वच्छ बनाएं। शौचालय निर्माण के प्रति गंभीरता बरतने वाले तीन ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। सीडीओ अंकित अग्रवाल, एएमए नूतन शर्मा, डीसीओ ओपी यादव, डीपीआरओ दीपक कुमार, जिला पंचायत सदस्य। अनिल त्यागी, रुबी, हरेंद्र शर्मा, संजय राठी आदि एवं ग्राम प्रधान मौजूद रहे।