देवबंद आतंकियों का अड्डा : विक्रम सैनी
मुजफ्फरनगर। रेलवे स्टेशन की नई बिल्डिंग के शिलान्यास कार्यक्रम में खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सैनी ने देवबंद के मदरसों को आतंकवादियों का अड्डा बताया। उन्होंने कहा कि दो आतंकियों को कैसे शरण मिली, इसकी जांच होनी चाहिए। शहर विधायक कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि देश में रहकर जो लोग पाकिस्तान की बात करते हैं, उनके गले में पाक का पट्टा डालकर वहीं छोड़ा आना चाहिए।
खतौली विधायक विक्रम सैनी ने कहा कि देवबंद के मौलाना ने मुझ पर आरोप लगाया था कि वह मदरसे को लेकर गलत बोलते हैं। अब देवबंद से आतंकी पकड़े गए हैं। मौलाना बताएं कि मैं ही बोल रहा था क्या गलत। विक्रम ने कहा कि देवबंद आतंकवादियों की शरणस्थली बन गया है। इन्हें शरण देेने वाले मौलाना पर भी देशद्रोह का मुकदमा हो। विधायक ने कहा कि मोदी सरकार विकास के साथ आतंकियों के सफाए का काम भी कर रही है। हमें अपने आसपास भी ध्यान रखना चाहिए कि कोई आतंकी यहां तो नहीं पल रहा है। भाजपा के शहर विधायक कपिलदेव अग्रवाल के बोल भी कुछ इसी तरह के रहे। कपिलदेव अग्रवाल ने देवबंद और कैराना में सर्च अभियान चलाने को कहा। उन्होंने कहा कि इन दोनों स्थानों पर आतंकवाद से जुड़े लोग लगातार मिलते रहे हैं। कपिलदेव ने यह भी कहा कि देश में रहकर जो लोग पाकिस्तान की बात करते हैं, उनके गले में पाकिस्तान का पट्टा डालकर वहीं छोड़ा आना चाहिए।