अधूरे निर्माण कार्यों को समय से पूरा करें: डीएम
मुजफ्फरनगर। डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि अधूरे विकास कार्यों को समय से पूरा करें। लापरवाही करने वाली कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई होगी। वह यहां कलक्ट्रेट में 50 लाख रुपये से ऊपर की परियोजनाओं के निर्माण कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
डीएम ने कहा कि सड़क, बिजली, पानी और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम आदमी और पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाए। कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि समीक्षा बैठक में प्रतिभाग करते समय पूर्ण तैयारी और जानकारी के साथ उपस्थित हो। विकास कार्यों में जनपद में समयबद्ध और तेजी से कार्य पूर्ण करें। पूर्ण परियोजनाओं को संबंधित विभाग को तत्काल हैंडओवर करें। मानकों से किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा। पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सड़कों के लक्षित मार्गो के निर्माण की समीक्षा की गई। पाइप पेयजल परियोजना के कार्यों की जानकारी ली। कार्य में तेजी लाते हुए परियोजनाओं को पूर्ण कराने के लिए कहा। सीएनडीएस के संचालित निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। सीडीओ अर्चना वर्मा सहित समस्त कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।