खतौली। बसंत टाकिज के पास बुधवार की सुबह अचानक मोबाइल टावर टूटकर बिजली के तारों पर जा गिरा। इससे लोगों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान वहां से गुजरने वाले राहगीर व स्कूली बच्चे बाल-बाल बचे।
नगर पालिका की ओर से नगर में मोबाइल टावर लगवाए गए थे। ये टावर शोपीस बने हुए है। बुधवार की सुबह जीटी रोड पर बसंत टाकिज के पास लगा मोबाइल टावर अचानक नीचे से टूटकर बराबर से गुजर रही विद्युत लाइन पर जा गिरा। इससे बिजली के तारों में चिंगारियां उठी और कई मोहल्लों की बिजली बाधित हो गई। टावर के टूटने से लोगों में अफरातफरी मच गई थी। इस दौरान वहां से गुजरने वाले राहगीर व स्कूली बच्चे बाल-बाल बचे। बता दें कि इससे पूर्व भी कुछ दिन पूर्व बुढ़ाना तिराहे के पास अचानक मोबाइल टावर टूटकर बिजली के तारों पर जा गिरा था। उस दौरान भी लोगों में अफरातफरी मच गई थी और राहगीर बाल बाल बचे थे।