छात्रसत्ता के लिए मैदान में उतरा गठबंधन
मुजफ्फरनगर। छात्रसत्ता के लिए गठबंधन चुनावी मैदान में उतर आया है। रालोद, सपा-कांग्रेस मिलकर छात्रसंघ चुनाव लड़ेंगे। इसके लिए दो कालेजों में संयुक्त प्रत्याशियों का पैनल घोषित किया गया है। तीसरे कॉलेज में पैनल उतारने के लिए प्रत्याशियों के नाम पर मंथन किया जा रहा है। पार्टियों के पदाधिकारियों ने चुनाव में विरोधियों को जवाब देने का दावा किया है।
अंसारी रोड स्थित एक रेस्टोरेंट मेें पत्रकारों से बातचीत में सपा, रालोद व कांग्रेस नेताओं ने छात्रसंघ चुनाव संयुक्त रूप से लड़ने का दावा किया है। सपा के जिला महासचिव जिया चौधरी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव में तीनों राजनीतिक दल अलग-अलग चुनाव न लड़कर एक साथ मैदान में उतरे हैं। वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं से एकजुटता के साथ चुनाव लड़ने पर जोर दिया। रालोद छात्र सभा के पश्चिमी उप्र अध्यक्ष राजीव बालियान ने कहा कि समान विचारधारा वाले दलों के साथ पार्टी ने छात्रसंघ चुनाव में पैक्ट किया है। यह छात्रों का चुनाव होता है, इसमें राजनीतिक विचारधारा की लड़ाई नहीं लड़ी जाती है। रालोद के प्रदेश महासचिव संजय राठी ने बताया कि एसडी डिग्री कॉलेज में अध्यक्ष पद के लिए शेखर रोहल, विजय कुमार उपाध्यक्ष, शुभम शर्मा महामंत्री और हिमांशी चौधरी सह सचिव प्रत्याशी घोषित किया गया है। डीएवी कॉलेज में दीपक बालियान अध्यक्ष, मोहम्मद शाहरुख उपाध्यक्ष, मुकुल शर्मा सचिव, चिराग सह सचिव और शिवम पाल कोषाध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि चौधरी छोटूराम डिग्री कॉलेज में पैनल अभी घोषित नहीं किया गया है। इस दौरान हर्ष राठी, पराग चौधरी, जुनैद रउफ, मोहम्मद तारिक कुरैशी, सभासद सलीम अहमद, राकिब कुरैशी, सुधीर भारतीय, विदित प्रधान, अंकित सहरावत आदि मौजूद रहे।
कालेजों में आज से नामांकन
मुजफ्फरनगर। शहर के तीनों कालेजों में चुनाव कराए जाने के लिए शुक्रवार से नामांकन किए जाएंगे। सुबह दस बजे से प्रत्याशी अपना पर्चा दाखिल करेंगे। प्रत्याशी के पास आईकार्ड, फीस स्लिप, हाजिरी का ब्योरा आदि होना जरूरी है। उसके बाद ही चुनाव में पर्चा दाखिल किया जाएगा।