शाहपुर। स्थानीय शांति देवी जैन डिग्री कॉलेज में चलाए जा रहे नारी सुरक्षा एवं जागरूकता सप्ताह के तहत सीओ बुढ़ाना और नगर पंचायत अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया।
कस्बे के शांति देवी जैन डिग्री कॉलेज में मुख्यमंत्री के आदेशानुसार आयोजित नारी सुरक्षा एवं जागरुकता सप्ताह के अंतर्गत एक कार्यक्रम में सीओ बुढ़ाना हरिराम यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण को लेकर वूमेन पावर लाइन 1090, एंटी रोमियो स्क्वाड, नारी सुरक्षा महिला सम्मान प्रकोष्ठ, यूपी 100 आदि के बारे में जानकारी दी। वहीं नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष परमेश सैनी ने कहा कि महिला सम्मान व उनकी सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। कस्बे में किसी भी महिला के सम्मान में कमी नहीं आने दी जाएगी और नारी सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। इस दौरान कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी रविंद्र नागर, समाजसेवी नीरज राठी, प्रदीप पाल, सभासद मनोज सैनी, उमेश गोयल के अलावा कॉलेज का समस्त स्टाफ और सैकड़ों छात्राएं मौजूद रहीं।