म्यांमार के खिलाफ आक्रोश
बुढ़ाना(मुजफ्फरनगर)। म्यांमार के रोहिंग्या मुस्लिम समाज पर हो रहे अत्याचार को लेकर कस्बे के मुस्लिम समाज के लोगों ने एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार के माध्यम से एक ज्ञापन संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव को भेजा है। ज्ञापन में रोहिंग्या मुस्लिम समाज के लोगों की सुरक्षा किए जाने की मांग की गई है।
मुस्लिम समाज के लोग शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि म्यांमार में पिछले कई सालों से संयुक्त राष्ट्र संघ के नियमों और मानवाधिकारों का उल्लंघन हो रहा है। 2012 से रोहिंग्या मुस्लिम समाज के लोगों का उत्पीड़न जारी है। उनके ऊपर कत्लेआम, बलात्कार जैसे जघन्य अपराध किए जा रहे हैं। वहां के लाखों मुस्लिमों को मारा जा चुका है। म्यांमार के लाखों मुस्लिम नागरिक भारत, बांग्लादेश आदि देशों में पलायन करने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र संघ से मामले में हस्तक्षेप करने और रोहिंग्या मुस्लिम समाज के लोगों की सुरक्षा किए जाने की मांग की है। इस दौरान गुलफाम खान, राशिद, जावेद, फिरोज, यासीन, सलीम आदि रहे।