भाकियू ने आंदोलन की रणनीति बनाई
मुजफ्फरनगर। भाकियू ने बिजली दरों में वृद्धि और बिजली समेत कई समस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति बनाई है। भाकियू कार्यकर्ता 30 अगस्त को एमडी विद्युत मेरठ के कार्यालय पर धरना देंगे। इसको लेकर संगठन कार्यालय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने मीटिंग कर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कार्ययोजना तैयार की।
महावीर चौक स्थित भाकियू कार्यालय पर रविवार को बैठक का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि अब फिर से संघर्ष का दौर है। किसानों को एकजुट कर समस्याओं की सूची बनानी चाहिए। केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के कोई खास काम नहीं कर रही है। सरकारी योजनाओं में किसानों को लाभ नहीं दिया जा रहा है, जिससे देश-प्रदेश में किसानों की हालत बुरी हो रही है। जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने कहा कि जनपद में किसान परेशान है। सरकार की कथनी-करनी में फर्क है। गांवों में बिजली की हालत खराब होने के साथ फुंके विद्युत ट्रांसफार्मर हफ्तों तक नहीं बदले जाते हैं। बिजलीघरों पर कर्मचारी पीड़ितों से अवैध वसूली कर रहे हैं। विरोध करने पर काम नहीं करने की धमकियां मिलती हैं। इन समस्याओं को लेकर भाकियू मेरठ में 30 अगस्त को पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के कार्यालय पर धरना देगी। इसको लेकर कार्यकर्ताओं ने कार्ययोजना तैयार की है।