भोपा और मोरना मार्ग पर घने कोहरे के बीच स्कूल बस व श्रद्धालुओं की कार के बीच भिडंत हो गई। हादसे में स्कूली बच्चों सहित 18 लोग घायल हो गए। हादसे में स्कूली बच्चों में चीख पुकार मच गई थी। हादसे से ग्रामीण घबरा गए और घटनास्थल पर पहुंच गए।
घायलों को एंबुलेंस की मदद से मोरना प्राथमिक चिकित्सालय भिजवाया गया। चिकित्सकों ने घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हादसे की खबर लगने पर मौके पर पहुंचे बच्चों के परिजनों ने हादसे की जानकारी ली। पुलिस और राहगीरों ने घबराए बच्चों को दिलासा दिया। पुलिस ने हादसे से अधिकारियों को भी अवगत कराया।
मोरना व भोपा मार्ग पर गांव ककराला रजवाहे पुल पर शुक्रताल से हरिद्वार घूमने जा रहे श्रद्धालुओं की स्कार्पियो और जौली गांव से बच्चे लेकर मोरना के स्कूल आ रही बस घने कोहरे के कारण आपस में टकरा गई, जिसमें कोलकाता शहर के शोभा बाजार निवासी कार चालक बिम्माधर साहू, अजब गुगालिया, आकांशा, संगीता, लक्ष्मी, सिमरन आदि घायल हो गए। वहीं, स्कूल बस में सवार गांव जौली के बच्चे अहमद, असगर, निजालिया बेतुल, मोहम्मद जाफर, रिदा बेतूल, मोहम्मद मसद अली, अक्षा बेतूल, मोहम्मद निजाद, सोनू, यथार्थ, फजीलत, जहरा, मोहम्मद बुशार, मोहम्मद सादिक आदि चोटिल हो गए।
तुराब, मोहीब, मोहम्मद मेहंदी, शायम, शादान, नवाजिश, अयान, दानियाल, असगर, काजीम, फुराज, हुसैन मेहंदी, सुलतान, लक्ष्य, कुंगना, फहीम, मनु, हर्ष, अयान, ओम आदि सहित गांव रुडकली का सादिक भी घायल हो गए, जिनका मोरना के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
कार सवार श्रद्धालुओं ने बताया कि वह कोलकाता से दंडी आश्रम में चल रही भागवत कथा को सुनने के लिए आए हुए हैं। वह हरिद्वार घूमने के लिए कार से जा रहे थे। स्कूल बस चालक मेहराज ने बताया कि वह बस को धीमी गति से चला रहा था। सड़क की सफेद पट्टी के अलावा कुछ नजर नहीं आ रहा था।
इसी दौरान जोरदार टक्कर लगी और बच्चे बस के फर्श पर आ गिरे। बच्चों में हा-हाकार मच गया। कोहरे के कारण हुए हादसे को लेकर बच्चों के परिजनों ने डीएम से दो सप्ताह की छुट्टी घोषित करने की गुहार लगाई है।
हाईवे पर आधा दर्जन वाहन भिड़े, सात घायल
खतौली/मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। हाईवे पर घने कोहरे में आधा दर्जन वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे में कार चालक घायल हो गया। वहीं, मंसूरपुर में कैंटर में कार घुस गई। कार में सवार महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। दोनों जगह हुए हादसे में सात लोग घायल हुए हैं, जबकि अन्य वाहन सवारों को मामूली चोटें आई। हादसे के दौरान जाम भी लग गया था। पुलिस ने बमुश्किल जाम को खुलवाया।
खतौली में हाईवे पर बुधवार की सुबह कोहरा पड़ने से आधा दर्जन वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे में एक कार सवार चालक गाजियाबाद निवासी जाहिद घायल हो गया। इसके अलावा अन्य वाहनों में सवार कई लोगों को मामूली चोटें आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया।
उधर, मंसूरपुर हाईवे पर कोहरे के कारण दिल्ली की ओर से जा रही इनोवा कैंटर में जा घुसी। कार में सवार दिल्ली निवासी गुंजन, अनुराधा, सुषमा, देवेंद्र व राजेश घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कार से बाहर निकाल कर उनका बेगराजपुर मेडिकल कालेज में उपचार कराया। इस दौरान हाईवे पर जाम लग गया था। पुलिस ने बमुश्किल जाम को खुलवाया।