निर्वाचन ड्यूटी में लगे कार्मिक आज से करेंगे मतदान
मुजफ्फरनगर। चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारी बृहस्पतिवार यानि आज से सुबह दस बजे से एसडी पब्लिक स्कूल में मतदान करेंगे। मतदान के लिए इन चुनाव कर्मियों को तीन दिन मिलेंगे। यह मतदान चार, पांच और सात अप्रैल को होगा।
डीएम अजय शंकर पांडेय ने बताया कि निर्वाचन ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के लिए मतदान की अलग से व्यवस्था की गई है। एसडी पब्लिक स्कूल में सुबह दस बजे से प्रारंभ होगा। ऐसे कार्मिक जो निर्वाचन ड्यूटी में लगे हैं उनके लिए स्कूल के ऑडीटोरियम में बनाए गए डाक मतदान फैसिलिटेशन केन्द्र में सुबह दस बजे से शाम सात बजे तक डाक मतपत्र द्वारा मतदान किए जाने कि सुविधा उपलब्ध रहेगी। डाक मतदान के लिए कर्मचारी को फार्म 12 निर्वाचन ड्यूटी की प्रति तथा पहचान पत्र दिखाना होगा। निर्वाचन ड्यूटी में लगे ऐसे कार्मिक जो निर्वाचन ड्यूटी प्रमाण-पत्र के माध्यम से मतदान करना चाहते हैं वे प्रशिक्षण के समय ही प्रपत्र-12 क प्रस्तुत करते हुए निर्वाचन ड्यूटी प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकते है। पांडेय ने एसडी पब्लिक स्कूल में होने वाले द्वितीय प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं निर्वाचन ड्यूटी में लगे कार्मिकों द्वारा डाक मतपत्र से मतदान किए जाने के संबंध में तैयारियों का निरीक्षण किया गया।
डीएम ने बताया कि इन व्यक्तियों में मतदान दलों के कर्मचारी, सेक्टर अधिकारी, जोनल अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऐसे कर्मचारी जो जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालयों कंट्रोल रूम औैर निर्वाचन संबंधी अन्य कार्यालयों मेे तैनात है, माईक्रो, प्रेक्षक, सभी पुलिस कर्मी, होम गार्ड, चालक परिचालक और वाहनों के क्लीनर जो निर्वाचन कार्यो में कार्यरत हैं। ऐसे कार्मिकों को डाक मतपत्र की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यह वोट चार, पांच और सात अप्रैल को डाले जाएंगे। डाक मत पत्र की सूचना समस्त प्रत्याशियों को दे दी गई है। प्रत्याशी या उनके प्रतिनिधि मतदान के समय उपस्थित रहेेंगे। मतदान समाप्त होने के बाद मत पेटिका को सील कर ट्रेजरी में जमा कराया जाएगा। एडीएम प्रशासन अमित सिंह सहित सभी अधिकारी मौजूद रहे।
-