धनगर समाज के लोगों ने रेलवे ट्रैक कब्जाया
मुजफ्फरनगर। अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन करने वाले धनगर समाज के लोगों ने रेलवे ट्रैक पर कब्जा कर आधा घंटे तक रेल संचालन बाधित रखा, जिससे ट्रेनों के पहिये थम गए। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक की ओर से जीआरपी में करीब 80-100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरपीएफ में भी मुकदमे को तहरीर दे दी गई है। उधर, शहर में जाम लगाने के मामले में भी सिविल लाइन थाने पर मुकदमा दर्ज हुआ है।
शाम करीब पांच बजे काफी लोग जानसठ रोड ओवरबिज रेलवे स्टेशन जा पहुंचे और रेलवे ट्रैक पर कब्जा कर लिया। नए बनाए गए डबल ट्रैक पर पत्थर डालने वाले ट्रेन के सामने भी ये लोग खड़े हो गए। करीब 35 मिनट तक रेलवे का संचालन बाधित रहा। बाद में पुलिस ने इन लोगों को ट्रैक से हटाया। इस दौरान देहरादून एक्सप्रेस मुजफ्फरनगर स्टेशन पर, सुपर और दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर जड़ौदा स्टेशन पर खड़ी रही। तीनों ट्रेन करीब आधा घंटे प्रभावित हुई। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक विपिन कुमार त्यागी की ओर से जीआरपी में मुकदमा दर्ज कराया गया है। शहर मेें प्रकाश चौक और महावीर चौक पर जाम लगाने मामले में सिविल लाइंस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवरत्न गौतम ने अपनी तरफ से धनगर समाज के पुष्पांकर पाल, विनय पाल, अमरनाथ व मांगेराम को नामजद करने के साथ ही करीब 250 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ जाम लगाने व हंगामा करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।