पेड़ के नीचे दबे तीन श्रमिक, एक की मौत
भोपा (मुजफ्फरनगर)। गांव खेड़ी फिरोजाबाद में पॉपुलर के पेड़ काट रहे तीन मजदूर उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां एक की मौत हो गई। मृत युवक की चार माह पूर्व ही शादी हुई थी।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी फिरोजाबाद निवासी अशरफ के खेत में रविवार को तीन मजदूर पॉपुलर के पेड़ काट रहे थे। इनमें खाईखेड़ा गांव निवासी महताब (20) पुत्र इरफान के साथ ही जुबेर व इमरान निवासीगण गांव नंगला बुजुर्ग शामिल थे। इसी दौरान एक पेड़ उक्त तीनों मजदूरों के ऊपर ही गिर गया, जिससे तीनों पेड़ के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने महताब को मृत घोषित कर दिया। पीड़ित परिजनों के अनुसार महताब की शादी करीब चार माह पूर्व ही रजिया से हुई थी। महताब की मौत से नवविवाहिता के साथ ही उसके परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम प्रधान वसीम के साथ ही अन्य ग्रामीणों अमित कुमार, रविंद्र बेनीवाल व मशकूर आलम ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।