नेताजी सुभाषचंद्र बोस को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
भोपा/शाहपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती बुधवार को स्कूल-कॉलेजों में धूमधाम से मनाई गई।
भोपा के जनता इंटर कॉलेज में नेताजी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रधानाचार्य राकेश कुमार ने नेताजी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं को उनके जीवन आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। स्वामी कल्याण देव बालिका इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्या राजेश सिवाच ने भी नेताजी को नमन किया। इसके अलावा, बीआरसी भोपा, बेलड़ा, निरगाजनी व बेहडा-थ्रू में भी नेताजी को याद किया गया। उधर, शाहपुर में आर्य एकेडमी इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं ने महानायक नेताजी सुभाषचंद्र बोस को याद किया। कॉलेज निदेशक डॉ सत्यवीर आर्य ने छात्र-छात्राओं से नेताजी के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। दि स्काईलैंड स्कूल के प्रबंधक राहुल गोयल और डीएवी इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य कर्ण सिंह ने नेताजी को भारत माता का सच्चा सपूत बताते हुए उनके जीवन पर प्रकाश डाला। शाहपुर कन्या इंटर कॉलेज, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज और कल्पना चावला मेमोरियल इंटर कॉलेज में भी नेताजी को याद किया गया।
गादला की महिलाओं ने की राशन डीलर की शिकायत
भोपा। क्षेत्र के गांव गादला निवासी मंजू, रुचि, शहजादी, शाहजहां, सुनीता, संजीदा व शहनाज ने डीएम को पत्र भेजकर गांव के राशन डीलर पर एक वर्ष से राशन व तेल नहीं देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि दो साल पूर्व भी इन्हीं शिकायतों के चलते राशन की दुकान निलंबित कर दी गई थी, जो बाद में बहाल हो गई थी। आरोप है कि डीलर द्वारा शिकायत करने पर उल्टे ग्रामीणों को ही फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देता है। महिलाओं ने आरोपी राशन डीलर के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।