बेरोजगार युवाओं के साथ धरना देगी भाकियू
खतौली (मुजफ्फरनगर)। भाकियू ने बेरोजगार युवकों के साथ डीएम दफ्तर पर धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने कहा कि जिले की फैक्ट्रियों में बाहरी जनपदों के लोग बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जिले के पढ़े लिखे युवाओं को रोजगार के लिए जनपद की फैक्ट्रियों में नौकरी की वकालत की जाएगी।
गांव भैंसी में आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनपद में हजारों पढ़े लिखे युवा नौकरी के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। जनपद में फैक्ट्रियों का एक बड़ा हब है। इसके बावजूद इन फैक्ट्रियों में बाहरी जनपदों के लोगों को वरीयता दी जाती है, जबकि जनपद का युवा नौकरी के लिए परेशान है। जब युवाओं को नौकरी नहीं दी जाती है, तो सरकार को आईटीआई जैसे संस्थानों को बंद कर देना चाहिए। युवा उच्च शिक्षा प्राप्त कर नौकरी के लिए भटक रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांवड़ यात्रा के बाद बेरोजगार युवाओं की आवाज को बुलंद करने के लिए बड़े स्तर पर डीएम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में अनिल राजपूत, सतीश, सनी, दीपांशु, सागर, हिमांशु, आशीष, सोनू, विनय, लोकेश, गुरदीप, लक्ष्य, गुडडू समेत काफी संख्या में बेरोजगार युवा मौजूद रहे।