सपाइयों ने हर्षोल्लास से मनाया अखिलेश का जन्मदिन
मुजफ्फरनगर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 45वां जन्मदिवस धूमधाम से मनाया। सपाइयों ने इस अवसर पर आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत के लिए संकल्प लिया।
महावीर चौक स्थित सपा कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष वसी अंसारी एडवोकेट के नेतृत्व में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिवस कार्यकर्ताओं ने हर्षोल्लास से मनाया। इस अवसर पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने कहा कि अखिलेश यादव ने पांच साल की यूपी की सत्ता में प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का काम किया है। अभी तक यूपी में जिन परियोजनाओं को भाजपा सरकार ने जनता को समर्पित करने का काम किया है, वह अखिलेश यादव के कार्यकाल में ही शुरू हुई थी। लखनऊ में मेट्रो अखिलेश ने दी है। भाजपा सपा की उपलब्धियों को अपना काम बताकर जनता को गुमराह कर रही है। वसी अंसारी ने कार्यकर्ताओं से 2019 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव के काम के सहारे पार्टी को बड़ी जीत दिलाने का संकल्प दिलाया। कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के चित्र के समक्ष केक काटकर जश्न मनाया। रागिब कुरैशी, सूर्यप्रताप राणा, महेश बंसल, जनार्दन विश्वकर्मा, अलीम सिद्दीकी, ब्रजेश कुमार आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।