मंसूरपुर। गांव नरा में रेलवे फाटक के पास बनने वाले अंडरपास को लेकर गांव के लोग एसडीएम सदर से मिले। कुछ ग्रामीणों ने रेलवे फाटक पर अंडरपास बनाने की मांग रखी। तो कुछ ग्रामीणों ने वर्तमान जगह पर बनाए जा रहे अंडरपास को सही बताया। एसडीएम सदर कल शुक्रवार को गांव में रेलवे अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण करने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को वापस भेज दिया।
विदित हो कि गांव नरा में बनाए जा रहे अंडरपास के निर्माण को ग्रामीणों ने 21 मई को यह कह कहते हुए रुकवा दिया था कि अंडरपास रेलवे फाटक से 300 मीटर दूर बनाया जा रहा है। इसका यहां पर कोई औचत्य नहीं है। इससे गांव में जाने के लिए उन्हें काफी चक्कर लगाना पड़ेगा। जबकि कुछ ग्रामीण इसी जगह पर अंडरपास बनवाना चाहते हैं। उनका कहना है यदि रेलवे फाटक पर अंडरपास बनाया जाएगा, तो वहां घनी बस्ती होने के कारण काफी मकानों व दुकानों को वहां से हटाना पड़ेगा। गांव के दोनों पक्षों के लोग एसडीएम सदर से मिले। ग्रामीणों ने एसडीएम के समक्ष अपना अपना पक्ष रखा। एसडीएम ने दोनों पक्षों को बताया कि वे कल शुक्रवार को रेलवे अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण करेंगे। उसके बाद ही कोई अंतिम निर्णय होगा। एसडीएम से मिलने वालों में भाकियू के जिला महामंत्री विनय भारद्वाज, गांव प्रधान वीरेंद्र सैनी, अमीर हसन, शाकिर, हरीपाल, बबलू, मोनू आदि शामिल रहे।